Buy Advt. Space

पीएम सूर्य घर योजना से रोशन चमन लाल का घर, परिवार आत्मनिर्भर

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले की ग्राम पंचायत बड़े कनेरा के निवासी श्री चमन लाल पवार का परिवार आज शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के समन्वित लाभ से आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जी रहा है। कभी कच्चे मकान में रहने वाला यह परिवार अब पक्के, सुरक्षित और सौर ऊर्जा से रोशन घर में निवास कर रहा है।

शासन की योजनाओं से बदली तस्वीर

शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जिला प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग से पात्र हितग्राहियों तक लाभ समयबद्ध रूप से पहुंच रहा है। इसी क्रम में श्री पवार के परिवार को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला, जिससे उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से मिला पक्का आशियाना

आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण श्री पवार वर्षों तक कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकना और दीवारों की कमजोरी गंभीर समस्या थी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद घर का निर्माण संभव हुआ। निर्माण कार्य में मनरेगा के अंतर्गत 95 मानव दिवस का लाभ मिला, जिससे आर्थिक संबल और मजदूरी भुगतान सुनिश्चित हुआ। आज उनका घर सुरक्षित, स्वच्छ और मूलभूत सुविधाओं से युक्त है।

उज्ज्वला और नल-जल योजना से मिली राहत

परिवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्राप्त हुआ, जिससे रसोई अब धुएँ से मुक्त हो गई है। वहीं, नल-जल योजना के अंतर्गत घर में नल कनेक्शन मिलने से स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित हुई, जिससे दैनिक जीवन सरल और स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत हुई है।

पीएम सूर्य घर योजना से सौर ऊर्जा का लाभ

ग्राम पंचायत में जागरूकता अभियान के दौरान श्री पवार को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके नव-निर्मित आवास की छत पर 3 किलोवाट का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया गया। इस स्थापना हेतु उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपये का शासकीय अनुदान प्राप्त हुआ।ं

बिजली बिल में कमी, बचत में वृद्धि

सोलर प्लांट लगने के बाद घर में नियमित और पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो रही है। बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे मासिक बचत बढ़ी है। इस बचत का उपयोग परिवार अब बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यकताओं में कर रहा है।

समन्वित योजनाओं से सकारात्मक बदलाव

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मनरेगा, उज्ज्वला योजना, नल-जल योजना और पीएम सूर्य घर योजना का संयुक्त लाभ श्री चमन लाल पवार के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लेकर आया है। उनका घर अब पक्का, स्वच्छ, सुरक्षित और सौर ऊर्जा से रोशन हो रहा है, जो शासन की योजनाओं की प्रभावशीलता का सशक्त उदाहरण है।

Leave a Comment