ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) केशकाल में एक दिवसीय स्टार्टअप एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार, नवाचार एवं उद्यमिता के प्रति प्रेरित करना रहा।
योजनाओं की विस्तृत जानकारी
कार्यशाला के दौरान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025–30, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) से जुड़े लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया गया।
विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोण्डागांव से प्रबंधक श्रीमती कुसुमलता नेताम, श्री विरेन्द्र तान्डेकर एवं सहायक प्रबंधक श्रीमती नम्रता एल्मा ने उपस्थित छात्रों को उद्यम स्थापना के व्यावहारिक पहलुओं, वित्तीय सहायता एवं सरकारी प्रोत्साहनों पर मार्गदर्शन दिया।
विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता
कार्यशाला में प्रभारी प्राचार्य श्री डी. आर. देवांगन, आईटीआई केशकाल के कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उद्यमिता से जुड़े प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएँ व्यक्त कीं और योजनाओं के प्रति उत्साह दिखाया।








