ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । थाना केशकाल अंतर्गत ग्राम गारका में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों द्वारा प्राणघातक हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल किया गया था।
फेंसिंग कार्य के दौरान हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06 फरवरी 2026 को ग्राम गारका निवासी प्रदीप सिन्हा अपने घर की बाड़ी में मजदूरों से फेंसिंग का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सुन्दर लाल सिन्हा एवं किशुन सिन्हा मौके पर पहुंचे और जमीन को लेकर विवाद करने लगे।
जान से मारने की धमकी और हमला
विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सुन्दर लाल सिन्हा ने प्रदीप सिन्हा के दोनों पैर पकड़ लिए, वहीं किशुन सिन्हा ने लोहे के सब्बल से उनके सिर पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।
गंभीर रूप से घायल, रायपुर रेफर
हमले में प्रदीप सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु उन्हें रायपुर रेफर किया गया।
अपराध पंजीबद्ध, जांच शुरू
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना केशकाल में धारा 109, 296 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव श्री कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी केशकाल श्री अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी केशकाल निरीक्षक विकास बघेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
विवेचना के दौरान आरोपियों सुन्दर लाल सिन्हा (उम्र 60 वर्ष) एवं किशुन सिन्हा (उम्र 58 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गारका थाना केशकाल, से पूछताछ की गई। आरोप स्वीकार करने पर दिनांक 09 फरवरी 2026 को क्रमशः 13:20 एवं 13:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इन पुलिसकर्मियों का रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक हेमंत देवांगन, प्रधान आरक्षक संजय बिसेन, ईश्वर नेताम, महिला प्रधान आरक्षक माधुरी रावटे, आरक्षक लिलेश्वर ध्रुव, जितेन्द्र माहला, अमित मंडावी एवं अरुण यादव का विशेष योगदान रहा।








