ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय वजन त्यौहार 2026 का शुभारम्भ सोमवार को कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पलारी के बड़ेपारा-2 में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना द्वारा किया गया।
बच्चों की वजन प्रक्रिया का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों की वजन प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया।
स्वच्छता, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण
कलेक्टर द्वारा ग्राम में स्वच्छता, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से समन्वय कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।
18 फरवरी तक जिलेभर में आयोजित होगा वजन त्यौहार
वजन त्यौहार का आयोजन 18 फरवरी 2026 तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य कुपोषण की पहचान, रोकथाम एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देना है, साथ ही प्रत्येक परिवार को उनके बच्चों की वास्तविक पोषण स्थिति से अवगत कराना है।
डिजिटल डाटाबेस होगा तैयार
वजन त्यौहार के दौरान बच्चों में कुपोषण की वास्तविक स्थिति का आकलन कर प्रत्येक बच्चे की जानकारी सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएगी। इससे राज्य स्तर पर कुपोषित बच्चों का सटीक और अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जा सकेगा।
महिलाओं एवं किशोरियों की भी होगी स्वास्थ्य जांच
अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं में एनीमिया स्तर की जांच, बीएमआई परीक्षण एवं पोषण स्तर का मूल्यांकन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








