ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कोंडागांव जिले ने एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का प्रमाण दिया है। छत्तीसगढ़ आयुष विभाग द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘कायाकल्प आयुष’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के शासकीय आयुर्वेद औषधालय बोरगांव एवं अनंतपुर आयुष केंद्र को संभाग स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है।
बोरगांव आयुर्वेद औषधालय ने लगातार दूसरी बार पाया प्रथम स्थान
बस्तर संभाग में शासकीय आयुर्वेद औषधालय बोरगांव ने लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर कोंडागांव जिले का नाम रोशन किया है। वहीं अनंतपुर आयुष केंद्र ने भी अपनी गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के चलते संभाग स्तरीय सम्मान अर्जित कर जिले को दोहरी उपलब्धि दिलाई।
कड़े मापदंडों पर हुआ मूल्यांकन
राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित इस योजना में बोरगांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का मूल्यांकन स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, भवन संधारण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन एवं सौंदर्याकरण जैसे कड़े मापदंडों के आधार पर किया गया।
सात प्रमुख श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन
आयुष स्वास्थ्य केंद्र संधारण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, सहायक सेवाएँ, स्वच्छता संवर्धन एवं सेवा गुणवत्ता समीक्षा सहित सात प्रमुख श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए केंद्र ने प्रथम पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया।
कायाकल्प आयुष योजना का उद्देश्य
प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित कायाकल्प आयुष योजना का उद्देश्य आयुष अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को संस्थागत रूप देना है, ताकि रोगियों को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
रायपुर में हुआ पुरस्कार वितरण
4 फरवरी को राजधानी रायपुर में आयोजित कायाकल्प आयुष पुरस्कार वितरण समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, संचालक आयुष श्रीमती संतन देवी जांगड़े एवं सचिव श्री अमित कटारिया द्वारा प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं 75 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर आयुष केंद्रों को सम्मानित किया गया।
सतत मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम
अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि यह पुरस्कार आयुष चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सतत मेहनत, अनुशासन और प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण ही सकारात्मक स्वास्थ्य परिणामों की मजबूत आधारशिला है।
जिला प्रशासन ने जताया हर्ष
बोरगांव एवं अनंतपुर आयुष केंद्रों की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। यह सम्मान अन्य आयुष केंद्रों को भी स्वच्छता एवं गुणवत्ता की दिशा में प्रेरित करेगा तथा जिले के नागरिकों को अधिक सुदृढ़ एवं भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।








