Buy Advt. Space

केशकाल में सड़क उन्नयन कार्य का राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लिया जायजा

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को सड़क मार्ग से रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना हुए।

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के उन्नयन कार्य का निरीक्षण

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केशकाल नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर प्रगतिरत नवीनीकरण एवं उन्नयन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का गहन जायजा लिया।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से समझौता नहीं

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 बस्तर संभाग को राजधानी रायपुर एवं अन्य राज्यों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

केशकाल बायपास निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री श्री साय ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि केशकाल नगर के साथ-साथ केशकाल बायपास का निर्माण कार्य भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ कराया जाए तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

‘मोर सुआद-दीदी की रसोई’ का किया अवलोकन

इसके पश्चात राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कोंडागांव पहुंचे, जहां उन्होंने बिहान योजना अंतर्गत स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित “मोर सुआद-दीदी की रसोई” का अवलोकन किया। इस अवसर पर समूह की महिलाओं द्वारा राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया गया।

पारंपरिक व्यंजनों का चखा स्वाद

राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने स्थानीय पारंपरिक व्यंजन फरा एवं अंगाकर रोटी का स्वाद चखा और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।

स्व सहायता समूह की महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने समूह की महिलाओं से उनकी आय एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना को निर्देशित किया कि स्व सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रोत्साहित किया जाए और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करते हैं।

लोक कलाकारों की कला की सराहना

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के लोक कलाकारों की पेंटिंग्स का अवलोकन किया एवं कलाकारों से संवाद कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment