ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । नगर के बंधा तालाब गार्डन में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सब्जी, फूल-पौधे एवं अन्य उत्पादों की जानकारी प्रतिभागी किसानों से प्राप्त की।
किसानों के लिए उपयोगी मंच है किसान मेला : लता उसेण्डी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि किसान मेला जिले के किसानों के लिए एक उपयोगी और प्रभावी मंच है, जिससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और बाजार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए कोदो, कुटकी, रागी एवं बाजरा जैसी पारंपरिक फसलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। विधायक ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें किसानों के कल्याण के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
खेती-किसानी को बजट में मिली प्राथमिकता : नीलकंठ टेकाम
केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट में खेती-किसानी को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि कृषि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्त होने से ही देश आर्थिक रूप से मजबूत बनता है।
उन्होंने बस्तर क्षेत्र में विकास की गति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माओवाद समाप्ति की दिशा में क्षेत्र आगे बढ़ रहा है, जिससे यहां की संस्कृति और जनजीवन के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ा है।
साथ ही उन्होंने विकसित जी-रामजी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि एवं उद्यानिकी की आधुनिक तकनीकों की दी गई जानकारी
किसान मेले में खेती, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं मुर्गी पालन से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।
किसानों द्वारा उत्पादित फसलों, सब्जियों, फलों एवं अन्य कृषि उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण ग्राम पल्ली के किसान श्री पाखलू मरकाम द्वारा प्रदर्शित 32 किलो वजनी देशी कद्दू रहा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों का किया गया सम्मान
किसान मेले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले किसानों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
विभिन्न वर्गों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें गुलाब, सेवंती, बोनसाई, सकुलेंट प्लांट्स, कद्दू, अदरक, हल्दी, बैंगन, सेम एवं कंद वर्ग शामिल रहे।
पुनर्वासित व्यक्तियों को मिला गार्डनिंग किट
कार्यक्रम में पुनर्वास केंद्र के 08 पुनर्वासित व्यक्तियों को माली प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात मुख्य अतिथियों द्वारा गार्डनिंग किट प्रदान की गई, जिससे वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समापन कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, श्री मनोज जैन, श्री जीतू सुराना, श्री जैनेन्द्र ठाकुर, श्री नागेश देवांगन, सुश्री सोनामणि पोयाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।








