ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव सोमवार को कोंडागांव प्रवास के दौरान एक निजी स्कूल के नवनिर्मित भवन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में कोंडागांव विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, नगर निगम जगदलपुर के महापौर श्री संजय पाण्डेय, सभापति श्री खेमसिंह देवांगन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिनिधियों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
विद्यालय केवल भवन नहीं, बच्चों के भविष्य का निर्माण स्थल – उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नवनिर्मित विद्यालय भवन के शुभारंभ पर स्कूल प्रबंधन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों और मिट्टी से बने भवन में शिक्षा प्राप्त की थी, जबकि आज के समय में बच्चों को सर्वसुविधायुक्त विद्यालय भवन उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन केवल ईंट-गारे का ढांचा नहीं होता, बल्कि यह बच्चों के भविष्य को गढ़ने का केंद्र होता है।
सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से ही मिलती है सफलता
उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और आत्मरक्षा की क्षमता का विकास बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कमजोर और निराश व्यक्ति कभी सफलता प्राप्त नहीं कर सकता, जबकि ऊर्जावान और सकारात्मक सोच वाला व्यक्ति अवश्य आगे बढ़ता है।
असफलता से घबराएं नहीं, नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें
श्री साव ने विद्यार्थियों को असफलता के बाद तनाव में न आने की सलाह देते हुए कहा कि नए उत्साह और आत्मविश्वास के साथ पुनः प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य के बजाय जीवन की सही दिशा तय करने की सीख दी और पूरी लगन से पढ़ाई में जुटने का आह्वान किया।
शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का होगा विस्तार – विधायक लता उसेण्डी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने नवनिर्मित विद्यालय भवन के शुभारंभ पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करते हैं, तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। इस भवन के शुभारंभ से कोण्डागांव जिले में शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूर्व विधायक व अन्य विशिष्टजन भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, श्री गोपाल दीक्षित, श्री दीपेश अरोरा, श्री जितेन्द्र सुराना, स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधि डॉ. जी.एस. पटनायक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








