Buy Advt. Space

26 जनवरी को कोंडागांव जिले के सभी गांवों में होगा उल्लास मेला

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप भारत सरकार द्वारा प्रारंभ उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले के सभी गांवों में 26 जनवरी 2026 को उल्लास मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे व्यक्तियों को सशक्त बनाना है, जिन्होंने औपचारिक स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं की है।

साक्षरता के साथ जीवन कौशल पर जोर

उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान के साथ-साथ जीवन कौशल की जानकारी भी प्रदान की जाती है। राज्य में यह कार्यक्रम वर्ष 2023 से संचालित है, जिसके अंतर्गत अब तक लगभग 10 लाख शिक्षार्थी साक्षर हो चुके हैं। इन नव साक्षरों को एनआईओएस के माध्यम से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए हैं।

ग्राम स्तर पर स्टॉल लगाकर होगा व्यावहारिक शिक्षण

शासन के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रत्येक ग्राम में उल्लास मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में पढ़ने-लिखने से लेकर व्यावहारिक शिक्षा तक के विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों का संचालन नव साक्षर, स्वयंसेवक एवं शिक्षार्थी करेंगे, जिससे उन्हें व्यावसायिक अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा।

नव साक्षरों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच

कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। उल्लास मेले के माध्यम से नव साक्षरों को अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और अपनी क्षमताओं पर विश्वास मजबूत होगा।

भाषा और गणित की बारीकियों पर विशेष फोकस

मेले में शब्दों में मात्रा की बारीकियों को समझने तथा गणित की छूटी हुई अवधारणाओं को दोबारा सीखने का अवसर भी मिलेगा। कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में समस्त विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।

ध्वजारोहण के बाद होगा उल्लास मेला

जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के परियोजना अधिकारी श्री डी.एस. पोटाई ने बताया कि उल्लास मेला गणतंत्र दिवस के ध्वजारोहण के पश्चात् ग्राम स्तर पर आयोजित किया जाएगा। मेले में बुनियादी साक्षरता, अंक ज्ञान, डिजिटल साक्षरता और स्वास्थ्य साक्षरता से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत उल्लास शपथ के साथ की जाएगी, जिसमें नव साक्षर, स्वयंसेवक एवं ग्राम प्रभारी शामिल होंगे।

Leave a Comment