ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कोंडागांव पुलिस द्वारा पूर्व नक्सल प्रभावित ग्राम बोथा (थाना बड़े डोंगर क्षेत्र) में सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुभागीय अधिकारी फरसगांव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही व्यापक सहभागिता
दिनांक 20 जनवरी 2026 को आयोजित इस आयोजन में आसपास के ग्रामों के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्राम पटेल, सरपंच, उप-सरपंच, पंचगण सहित ग्रामीण महिलाएं, पुरुष, बच्चे एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वॉलीबॉल, कबड्डी एवं महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिससे आयोजन में उत्साह और रंगारंग माहौल बना रहा।
20 टीमों ने लिया भाग, खांडसरा की टीम रही विजेता
खेल प्रतियोगिताओं में थाना क्षेत्र की कुल 20 टीमों ने भाग लिया।
- प्रथम स्थान – ग्राम खांडसरा
- द्वितीय स्थान – ग्राम भूमका
- तृतीय स्थान – ग्राम कोटपाड़
विजेता टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा कप एवं नगद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम को उत्साहवर्धन हेतु टी-शर्ट भी वितरित की गई।
खेल उत्सव के रूप में मनाया गया आयोजन
पुलिस अधीक्षक की इस पहल से पूरे क्षेत्र में उमंग और उत्साह की लहर देखने को मिली। ग्राम बोथा एवं आसपास के ग्रामीणों ने इस आयोजन को खेल उत्सव के रूप में मनाया। नक्सल प्रभावित गांव में पहली बार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के आगमन से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया और कार्यक्रम को त्योहार जैसा स्वरूप मिला।
जागरूकता अभियानों ने बढ़ाई कार्यक्रम की प्रभावशीलता
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़े डोंगर के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं कोंडागांव से आए यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिससे कार्यक्रम और अधिक सार्थक बन सका।
पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच के निर्माण में अहम पहल
कार्यक्रम की सफलता में जिला पंचायत सदस्य जय लाल नाग, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, उप-सरपंच एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक की इस अनूठी पहल ने क्षेत्र के युवाओं एवं अन्य वर्गों में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।








