Buy Advt. Space

शिक्षा विभाग की मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला, सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी पर जोर

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में शिक्षकों और शैक्षणिक समन्वयकों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मानसिक स्वास्थ्य कल्याण कार्यशाला के द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। यह एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला कलेक्टर के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।

कलेक्टर ने सकारात्मक सोच और लक्ष्य निर्धारण पर दिया जोर

कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने से कार्यक्षमता और निर्णय क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से सकारात्मक सोच के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का आह्वान किया।
उन्होंने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि शिक्षकों की भूमिका बच्चों को एक अच्छा नागरिक बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

231 संकुल समन्वयक हुए शामिल

इस प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन डिप्टी कलेक्टर श्री किशोर शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान एवं जिला मिशन समन्वयक श्री ईमल बघेल के नेतृत्व में किया गया।
कार्यशाला में जिले के सभी विकासखंडों से 231 संकुल समन्वयक एवं 5 विकासखंड स्त्रोत समन्वयक उपस्थित रहे।

मास्टर ट्रेनर्स ने दी मानसिक स्वास्थ्य की व्यावहारिक जानकारी

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय कोण्डागांव के मास्टर ट्रेनर्स श्री वीरेंद्र कुमार केला एवं उनकी टीम द्वारा मानसिक स्वास्थ्य की अवधारणा, मानसिक स्वास्थ्य का स्पेक्ट्रम एवं जोखिम कारकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

गतिविधियों के माध्यम से आत्ममूल्यांकन और सहानुभूति पर जोर

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों के लिए

  • परिचय गतिविधि – आपसी परिचय और संवाद बढ़ाने हेतु
  • संचार गतिविधि – संचार कौशल विकसित करने के लिए
  • सहानुभूति गतिविधि – समाज और बच्चों में सहानुभूति की भावना बढ़ाने हेतु
  • SWOT गतिविधि – अपनी ताकत, कमजोरी, अवसर और जोखिम को पहचानने के लिए
    जैसी गतिविधियां कराई गईं।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से श्री वीरेंद्र कुमार केला, श्री दिव्यांशु चौधरी, कु. मधु बघेल, कु. निधि साहू तथा शिक्षा विभाग से श्री यादवेन्द्र सिंह यादव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्री श्रीनिवास नायडू द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले के सभी सहायक कार्यक्रम समन्वयक भी मौजूद रहे।

Leave a Comment