Buy Advt. Space

मर्दापाल तहसील समस्याओं के समाधान हेतु सीपीआई ने सौंपा ज्ञापन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । मर्दापाल तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्रामों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर (सीपीआई) जिला परिषद् कोण्डागांव द्वारा शनिवार को रैली निकालकर तहसीलदार मर्दापाल को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन महामहिम राज्यपाल छत्तीसगढ़ के नाम संबोधित किया गया है।

साप्ताहिक बाजार से तहसील कार्यालय तक रैली

सीपीआई कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने मर्दापाल के साप्ताहिक बाजार परिसर से ग्राम पंचायत के समीप मैदान होते हुए तहसील कार्यालय तक नारेबाजी के साथ रैली निकाली। रैली के माध्यम से क्षेत्र की उपेक्षित समस्याओं की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया।

संवेदनशील क्षेत्र होने से विकास कार्य प्रभावित

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आदिवासी बहुल बस्तर संभाग के जिले एवं नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला मर्दापाल तहसील क्षेत्र संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील होने के कारण विकास कार्यों से पिछड़ा हुआ है। दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा, संसाधन एवं रोजगार के अवसरों का अभाव बना हुआ है।

वनाधिकार, बिजली और शिक्षा से जुड़ी प्रमुख मांगें

सीपीआई द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से यह मांगें रखी गईं—

  • वर्ष 2008 से अब तक पात्र होने के बावजूद वंचित सभी हितग्राहियों को शीघ्र वनाधिकार पत्र प्रदान किया जाए।
  • ग्रामीण विद्युतीकरण योजना से वंचित सभी ग्रामों के पारा-मोहल्लों एवं घरों में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
  • क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 10वीं-12वीं तक पढ़े स्थानीय शिक्षित बेरोजगारों को तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी की नियुक्तियों में प्राथमिकता दी जाए।

खनिज संपदा और चिटफंड राशि वापसी की मांग

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि क्षेत्र में उपलब्ध गौण एवं अन्य खनिज संपदा का उत्खनन केवल स्थानीय सहकारी समितियों या सार्वजनिक उपक्रमों के माध्यम से कराया जाए। साथ ही चिटफंड कंपनियों में आम जनता द्वारा जमा की गई राशि वापस दिलाने की भी मांग की गई।

जनांदोलन की चेतावनी

सीपीआई नेताओं ने कहा कि पूर्व में भी जनहित की मांगों को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई गई। यदि इसी तरह उपेक्षा जारी रही, तो सीपीआई को जनसमर्थन के साथ व्यापक जनांदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण रहे मौजूद

रैली एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान सीपीआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के सह सचिव फुलसिंग कचलाम, जिला सचिव शैलेश, नारायणपुर जिला सचिव चैतराम कोमरा सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment