ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने प्रातः 10 बजे निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपस्थिति और समयपालन की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से प्रातः 10 बजे कार्यालय में उपस्थित रहें। समयपालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई के संकेत भी दिए गए।
कार्यालयीन व्यवस्था और स्वच्छता पर जोर
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने कार्यालयों की साफ-सफाई, फाइलों के रख-रखाव एवं कार्यस्थल की समग्र व्यवस्था का निरीक्षण किया। कुछ कार्यालयों में पाई गई कमियों पर उन्होंने संबंधित विभाग प्रमुखों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
विभाग प्रमुखों को दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा कार्यालयों का समुचित रख-रखाव, साज-सज्जा एवं स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ कार्यालय से कार्यकुशलता बढ़ती है और आम जनता को बेहतर सेवाएं मिलती हैं।








