ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं सेवा संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन तिथियों और स्थानों पर लगेंगे शिविर
परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार—
- 12 एवं 13 जनवरी 2026 – जनपद पंचायत फरसगांव
- 16 जनवरी 2026 – जनपद पंचायत विश्रामपुरी
- 19 एवं 20 जनवरी 2026 – जनपद पंचायत केशकाल
- 21 जनवरी 2026 – जनपद पंचायत माकड़ी
- 22 एवं 23 जनवरी 2026 – जिला परिवहन कार्यालय, कोण्डागांव
तत्काल जारी किया जाएगा लर्निंग लाइसेंस
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि शिविर के दौरान आवेदकों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन पूर्ण किया जाएगा। शासन द्वारा निर्धारित शुल्क लेकर विधिवत प्रक्रिया के पश्चात लर्निंग लाइसेंस तत्काल प्रदाय किया जाएगा।
आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज
लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करते समय आवेदक निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाएं—
- निवास प्रमाण हेतु: आधार कार्ड / वोटर आईडी / पासपोर्ट
- जन्मतिथि प्रमाण हेतु: पैन कार्ड / अंकसूची (जन्मतिथि अंकित) / जन्म प्रमाण पत्र
- सभी दस्तावेजों की एक-एक छायाप्रति
- एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो
आम नागरिकों से सहभागिता की अपील
परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर शिविर में उपस्थित होकर लर्निंग लाइसेंस हेतु आवेदन करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात में सहयोग दें।








