ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । नववर्ष के अवसर पर बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी की उपस्थिति में बुधवार को वनमण्डल कोण्डागांव अंतर्गत माकड़ी परिक्षेत्र में वन प्रबंधन समितियों की बैठक का आयोजन किया गया।
नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ बैठक की शुरुआत
बैठक के प्रारंभ में विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने उपस्थित वन प्रबंधन समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से वनों के संरक्षण के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
वन संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा
बैठक में लाभांश राशि वितरण, अग्नि सुरक्षा, वनों की सुरक्षा, कूप विदोहन, अवैध कटाई एवं अतिक्रमण की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
अवैध कटाई और अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश
विधायक सुश्री उसेण्डी ने वनों को आग से बचाने, अवैध कटाई एवं अतिक्रमण को हर हाल में रोकने तथा वन संपदा के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वन हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इनका संरक्षण अनिवार्य है।
वनोपज के वैज्ञानिक संग्रहण की अपील
उन्होंने क्षेत्रवासियों से वनोपजों का वैज्ञानिक ढंग से संग्रहण कर आर्थिक लाभ उठाने की अपील की, जिससे आजीविका के साथ-साथ वन संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।
वन सुरक्षा की शपथ दिलाई गई
बैठक के अंत में विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने सभी से आपसी मतभेद भुलाकर देशहित एवं बच्चों के भविष्य के लिए वनों की सुरक्षा करने, वनों को आग से बचाने का संकल्प लेने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को वन संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।








