कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! कोंडागांव नगर स्थित गोवर्धन सेवा समिति यादव समाज द्वारा श्री राधा कृष्ण मंदिर का 25वां स्थापना दिवस बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। समाज से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर में भगवान श्री राधा कृष्ण की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा वर्ष 2000 में विधि-विधानपूर्वक की गई थी। तब से लेकर अब तक हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर यह उत्सव मनाया जाता है।
इस वर्ष मंदिर स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अखंड रामायण पाठ से हुआ, जो पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाता रहा। इसके उपरांत हवन पूजन और प्रसाद वितरण किया गया। दिनभर श्रद्धालु जन मंदिर में दर्शन के लिए आते रहे और भक्ति गीतों की मधुर ध्वनियों से परिसर गूंजता रहा।
इस अवसर पर यादव समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्री राधा कृष्ण से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होना समाज के लिए गर्व और आस्था का प्रतीक है। इस अवसर पर गोवर्धन सेवा समिति द्वारा भविष्य में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और भक्ति कार्यक्रमों के विस्तार की भी घोषणा की गई।








