कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने, नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को निर्देशित किया कि नगर निकायों के साथ-साथ डीएमएफटी, विधायक निधि एवं सांसद निधि से स्वीकृत निर्माणाधीन कार्यों को आगामी दो माह के भीतर पूर्ण किया जाए।
उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्यवाही करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 एवं आवास 2.1 के कार्यों के शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय सीमा में पूर्ण करने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगरीय क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर कलेक्टर ने विशेष जोर दिया। उन्होंने अमृत मिशन के अंतर्गत कोसारटेडा से जलापूर्ति हेतु निर्माणाधीन परियोजना की भी समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने नगर पंचायतों में नागरिकों की सहायता हेतु हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सके। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के सीएमओ श्री दिनेश डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।








