कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव वर्ष 2025-26 अंतर्गत विकासखंड बड़ेराजपुर के ग्राम बड़े राजपुर में पशुधन विकास विभाग के द्वारा गुरूवार को विकासखंड स्तरीय पशु मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें पशु पालकों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया है, जिसमें टीकाकरण, बधियाकरण और औषधि वितरण किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने अपने उद्बोधन में पशु पालन के महत्व को बताया और दुग्ध उत्पादन के संबंध में प्रकाश डालते हुए किसानों को खेती के साथ साथ पशु पालन को भी अपनाने को कहा।
साथ ही पशु मेला में आये पशु पालकों का हालचाल जाना और निरीक्षण के दौरान विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। ग्राम पंचायत बड़े राजपुर के सरपंच श्रीमती हेमबाई मरकाम, जनपद सदस्य श्रीमती संगीता पोयाम, श्री लालाराम मरकाम सांसद प्रतिनिधि बड़े राजपुर ने अपने उद्बोधन में पशु पालन पर प्रकाश डाला एवं अपना अनुभव साझा किया। डॉ एम. बी. सिंह उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं कोंडागांव के द्वारा स्वागत भाषण में विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई। वहीं डॉ सुदरन मरकाम वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी के द्वारा पशु पालकों को विभागीय योजनाओं एवं बीमारियों की जानकारी दी गई। पशु मेला प्रदर्शनी प्रतियोगिता निर्णायक डॉ चार्ली पोर्ते, डॉ कस्तुरी प्रधान पशु चिकित्सा सहायक शल्यज केशकाल ने की। विजयी पशु पालकों को अतिथियों के द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिया गया है।
पशु मेला को सफल बनाने में विभागीय अधिकारियों श्री राम नेताम, श्री राजेश नेताम, श्री सुरेन्द्र प्रसाद मरकाम, श्री सोनसाय सोम, श्री यशवंत सिन्हा सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एवं कर्मचारी श्री जलधर कोर्राम, श्री लाल सिंह मरकाम, श्रीमती कल्पना रावटे, ओम प्रकाश नाग एवं मोबाइल वेटनरी यूनिट के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्यारे लाल ठाकुर वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी पशु चिकित्सालय विश्रामपुरी के द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया है।








