पितेश्ववर हरपाल गरियाबंद। फिंगेश्वर कन्या शाला की छात्राओं ने शनिवार को राजिम–महासमुंद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्राओं का कहना है कि वर्षों से संचालित कन्या शाला को ठाकुर दलजंगन बॉयज़ हाई स्कूल में मर्ज कर दिया गया है, लेकिन वे वहां पढ़ाई करने नहीं जाना चाहतीं। उनका आरोप है कि बॉयज़ स्कूल में वे सुरक्षित महसूस नहीं करतीं।
छात्राओं ने बताया कि मर्ज आदेश के बाद से पिछले तीन माह से करीब 400 छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह ठप है। सभी शिक्षकों को भी युक्तियुक्तकरण के तहत बॉयज़ स्कूल भेज दिया गया है, जिससे कन्या शाला में ताले जैसी स्थिति बन गई है।
प्रदर्शन के बाद छात्राएं तहसील कार्यालय पहुंचीं और SDM को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने कन्या शाला में शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था करने और मर्ज आदेश को निरस्त करने की मांग रखी।
छात्राओं ने 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। फिलहाल ज्ञापन सौंपने के बाद छात्राओं ने चक्काजाम समाप्त कर दिया है।
फिंगेश्वर: कन्या शाला छात्राओं का चक्काजाम, मर्ज आदेश निरस्त करने की मांग








