ब्यूरो जितेंद्र पांडे सारंगढ़-बिलाईगढ़।नगर पंचायत भटगांव और ग्राम जोरा के लिए यह क्षण गर्व और गौरव का रहा, जब गांव के सपूत श्री चितरंजन रात्रे, जिन्होंने पूरे 20 वर्षों तक भारतीय थल सेना में देश सेवा की, अपने गृह ग्राम लौटे।
जैसे ही वे भटगांव बस स्टैंड पहुंचे, नगरवासियों ने तिरंगे और फूलों से भव्य स्वागत किया। नगर पंचायत अध्यक्ष स्वयं तत्काल उपस्थित होकर उन्हें पुष्पमाला पहनाकर और गुलाल से अभिषेक कर उनका अभिनंदन किया। डीजे की गूंज, ढोल-नगाड़ों की थाप और तिरंगों की लहराहट के बीच पूरा नगर और गांव देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इसके बाद विशाल जनसमूह उनके साथ जुलूस के रूप में जोरा गांव पहुंचा, जहां लोगों ने अपने वीर सपूत का अभूतपूर्व स्वागत किया।
पिता श्री साहेब लाल रात्रे इस गौरवमयी पल में तिरंगा हाथ में लेकर नाचते-झूमते दिखाई दिए। उन्होंने गर्व से कहा —
“आज मैं बेहद खुश हूं कि मेरा बेटा 20 साल तक भारत माता की सेवा कर, देश की रक्षा कर वापस लौटा है। यह क्षण मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व है।”
माता श्रीमती गौत्रहीन रात्रे ने भावुक होकर कहा
“20 वर्षों तक मेरे बेटे ने मां भारती की सेवा की। आज मैं धन्य हूं। हर मां को ऐसी संतान मिले और हर मां अपने बच्चों को ऐसा संस्कार दे, जिससे वे देश की सेवा कर सकें।”
वहीं, उनके बड़े भाई श्री कार्तिक राम रात्रे का योगदान भी इस सम्मान में विशेष रहा। उन्होंने अपने छोटे भाई को सदैव प्रेरणा, समर्थन और प्रोत्साहन दिया, जिससे वे कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहे।
आर्मी हवलदार श्री चितरंजन रात्रे ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा
“आज जो नौजवान बेरोजगार और खाली समय बर्बाद कर रहे हैं, उन्हें देश सेवा की ओर कदम बढ़ाना चाहिए। अनुशासन और मेहनत से तैयारी करें, ताकि हर युवा को भारत माता की सेवा करने का अवसर मिले। यह सौभाग्य सबसे बड़ा सम्मान है।”
पूरा गांव और नगर इस अवसर पर देशभक्ति के माहौल में डूब गया। गुलाल, फूलमाला, बाजे-गाजे और तिरंगे की गूंज से वातावरण गूंज उठा। ग्रामीणों ने कहा
“चितरंजन रात्रे जी ने हमारे गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह हमारे लिए एक मिसाल हैं, और आने वाली पीढ़ी को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देंगे।”
यह केवल एक स्वागत नहीं, बल्कि पूरे भटगांव नगर पंचायत, ग्राम जोरा और क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का पर्व बन गया।
20 साल देश का सेवा कर लौटे चितरंजन रात्रे का शानदार स्वागत..






