बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 साल के मासूम बच्चे पर उसके परिचित मामा ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अपनी सूझबूझ से मरने का नाटक कर किसी तरह अपनी जान बचाई। बच्चा फिलहाल सिम्स अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कैसे हुआ हमला

मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित बटाहि पुल के पास का है। लिमतारा निवासी 13 वर्षीय बच्चा दोपहर में अपने दोस्त के साथ खेल रहा था। तभी उसका परिचित मामा वहां पहुंचा और चॉकलेट देने के बहाने उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गया। रास्ते में अचानक उसने चाकू से बच्चे पर हमला कर दिया।
मरने का नाटक कर बची जान
हमले के दौरान मासूम खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। लेकिन उसने अद्भुत हिम्मत दिखाते हुए मरने का नाटक किया। आरोपी मामा उसे मरा समझकर झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद बच्चा किसी तरह झाड़ियों से बाहर निकला। उसी दौरान राहगीरों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की तत्परता
डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बच्चा बोलने की स्थिति में नहीं है, इसलिए आरोपी की पहचान और हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
तफ्तीश तेज, आरोपी फरार
पुलिस ने घटना स्थल से आरोपी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और उसकी तलाश में जुट गई है। बच्चे के होश में आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि हमला क्यों किया गया और आरोपी कौन है।
यह घटना सिर्फ एक क्राइम स्टोरी नहीं, बल्कि 13 साल के मासूम की हिम्मत और जीवटता का उदाहरण भी है। जिस तरह उसने मौत को मात दी, वह सभी को हैरान करता है।








