Buy Advt. Space

हाइवे हादसा : ट्रक की चपेट में पिता-पुत्र घायल, तीन नंबर प्लेट

By



धरसींवा। रायपुर-बिलासपुर हाइवे पर धनेली छोकरा नाला पुल के ऊपर शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। स्कूटी सवार पिता-पुत्र की जान तो बच गई, लेकिन इस घटना ने ट्रैफिक व्यवस्था और वाहन संचालन की पोल खोल दी। हादसा खमतराई थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, सांकरा निवासी राजू जैन अपने पुत्र के साथ स्कूटी से रायपुर की ओर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी ट्रक के पहियों में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि पिता-पुत्र की जान बाल-बाल बची। पुत्र को मामूली चोट आई है।

तीन-तीन नंबरों से दौड़ रहा था ट्रक
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि स्कूटी को कुचलने वाले ट्रक पर एक नहीं, बल्कि तीन-तीन नंबर प्लेट लगी हुई थी। दो नंबर सामने और एक नंबर केबिन के पीछे लिखा हुआ था। इस खुलासे के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया, लेकिन आरोपी ड्राइवर फरार हो गया। फिलहाल खमतराई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर तीन-तीन नंबर प्लेट वाला यह ट्रक अब तक कैसे राजधानी रायपुर से बिलासपुर तक बेखौफ दौड़ता रहा।

Leave a Comment