Buy Advt. Space

हर-हर महादेव बोलकर युवक ने शिवनाथ में लगाई छलांग, नहीं बची जान

By

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। महमरा एनीकट पर रविवार शाम एक युवक ने नशे की हालत में अचानक “हर-हर महादेव” का नारा लगाते हुए शिवनाथ नदी में छलांग लगा दी। युवक की जान बचाने के लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और मछुआरे भी नदी में कूद पड़े, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

कैसे हुई घटना

मृतक की पहचान आकाश ताम्रकार (32), निवासी शंकर नगर बुद्ध बिहार गली के रूप में हुई है।

घटना शाम करीब 4 बजे की है, जब आकाश नशे की हालत में एनीकट पर रेलिंग पकड़कर खड़ा था।

घाट पर मौजूद लोग लगातार उसे वहां से हटाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।

अचानक उसने हाथ जोड़कर “हर-हर महादेव” कहा और उल्टा नदी में कूद गया।


वीडियो हुआ वायरल

घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल में कैद कर ली। युवक के नदी में कूदने और लोगों की चीख-पुकार का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस और मछुआरों ने की जान बचाने की कोशिश



सूचना मिलते ही कोतवाली थाने के आरक्षक हरीश राव और श्रीराम तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए नदी में छलांग लगाई और युवक को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद घाट पर मौजूद मछुआरे भी मदद के लिए उतरे। लंबी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कारणों की जांच जारी

फिलहाल युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम आज किया जाएगा।

Leave a Comment