Buy Advt. Space

हर घर तिरंगा अभियान के तहत गांव गांव में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव ! आज़ादी के अमृत महोत्सव और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोंडागांव जिले के सभी ग्राम पंचायतों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा, रैली एवं बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। बड़ेराजपुर, माकड़ी विकासखंड के बिहान समूह की महिलाएं भी गांवों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाल कर लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों और नारों से पूरे गांव का माहौल देशभक्ति के रंग में रंग जाता है।

विभिन्न स्थानों पर आयोजित बैठकों में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम के साथ-साथ सर्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसमें ग्रामवासी और बिहान समूह की महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली और स्वच्छता अभियान ने न केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत कर रहा है, बल्कि लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प दिलाया जा रहा है। इसी तरह यह तिरंगा यात्रा 15 अगस्त तक निरंतर आयोजित की जाएगी, ताकि जन-जन में देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

Leave a Comment