कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज समय सीमा की बैठक में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ्य नारी-सशक्त परिवार अभियान, सेवा पखवाड़ा और आदि कर्मयोगी अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 सितंबर को स्वस्थ्य नारी-सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत जिला, ब्लॉक एवं स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर भी स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन होगा, जहां बालिकाओं, महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। साथ ही जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
कलेक्टर ने रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक रक्तदान हेतु अपील की। कलेक्टर ने सांसद खेल महोत्सव अंतर्गत पंजीयन में तेजी लाने और आयोजन के संबंध में तैयारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बिहान के तहत दीदी ई रिक्शा योजना अंतर्गत अधिक से अधिक महिलाओं को लाभान्वित करने हेतु श्रम विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने आदि कर्मयोगी अभियान में बैंक सखी को भी शामिल करते हुए उनका पंजीयन कराने को कहा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में केशकाल शहर के मुख्यमार्ग के मरम्मत के लिए भी विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने एग्री स्टैक में किसानों का शत प्रतिशत पंजीयन कराने को और गिरदावरी कार्य को भी बेहतर ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देशित किया कि कृषि केन्द्रों में खाद बिक्री की कड़ी निगरानी रखें और अनियमिता पर कार्यवाही करें। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, जल जीवन मिशन के कार्यों सहित विभिन्न छात्रावास, आंगनबाड़ी भवनों एवं अन्य निर्माणाधीन शासकीय भवनों के प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई और गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








