कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय, ग्रामीण विकास विभाग और राज्य कार्यालय मनरेगा द्वारा जारी निर्देशानुसार जिले के सभी अमृत सरोवरों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही इन सरोवरों में वृक्षारोपण, सफाई अभियान और जलवायु तथा जल साक्षरता पर जन जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा श्रीमती नुपूर राशि पन्ना और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अविनाश भोई के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत केशकाल अंतर्गत ग्राम पंचायत डोहलापारा में निर्मित शहीद लखनलाल अमृत सरोवर में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
इस रैली में ग्रामीणजन, स्कूली बच्चे और महिलाएं भी उत्साहपूर्वक शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।इसी तरह ग्राम पंचायत खाल्हेमुर्वेंड एवं बहिगांव में स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल में जलवायु और जल साक्षरता विषय पर चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शहीद विक्रम यादव अमृत सरोवर, निराछिन्दली में भी सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग सिन्हा और कार्यक्रम अधिकारी श्री अभिषेक राठोर, गणमान्य नगरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।








