दुर्ग ! नगरीय प्रशासन और शहरी विकास के क्षेत्र में पारदर्शिता, समावेश और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) के अध्यक्षों का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुग्राम, हरियाणा में 2 से 5 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा, जिसकी केंद्रीय थीम है “स्मार्ट सिटी गवर्नेंस”।
इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में छत्तीसगढ़ से दुर्ग नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती अलका बाघमार अग्निशमन विभाग प्रभारी श्री ज्ञानेश्वर ताम्रकार, राजस्व विभाग प्रभारी श्री शेखर चंद्राकर और महिला एवं बाल विकास प्रभारी श्रीमती शशि द्वारका साहू के साथ सहभागिता हेतु गुरुग्राम के लिए रवाना हुईं।
🌐 सम्मेलन की प्रमुख विशेषताएं:
देशभर के राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के प्रमुख जनप्रतिनिधि इस प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं। इसमें नगरीय शासन से जुड़े समसामयिक मुद्दों, नेतृत्व क्षमता, महिला सशक्तिकरण और शहरी प्रशासन में नवाचार को बढ़ावा देने पर केंद्रित चर्चाएं होंगी।
🔎 प्रशिक्षण की पाँच मुख्य थीम:
1. लोकतंत्र के आधार स्तंभ के रूप में शहरी स्थानीय निकाय
परिषद बैठकों के संचालन हेतु आदर्श प्रथाएं और प्रक्रिया संहिताओं का विकास।
2. समावेशी वृद्धि और विकास के इंजन के रूप में स्थानीय निकाय
संवैधानिक उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था।
3. 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान
21वीं सदी के भारत के निर्माता के रूप में नगरीय निकायों की भूमिका।
4. महिला सशक्तिकरण के वाहक के रूप में नगर निकाय
राजनीति और सामाजिक नेतृत्व में महिलाओं को अधिक भागीदारी देना।
5. नवाचार और सर्वोत्तम प्रथाओं के केंद्र के रूप में शहरी निकाय
नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने हेतु अभिनव प्रयोगों को प्रोत्साहन।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शहरी प्रशासन में राष्ट्रव्यापी तालमेल, अनुभवों के आदान-प्रदान और नीतिगत नवाचारों के विस्तार हेतु एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध होगा। महापौर अलका बाघमार सहित दुर्ग प्रतिनिधिमंडल की सक्रिय सहभागिता से नगर निगम दुर्ग को नई कार्यशैली और विचारों की दिशा में गति मिलने की संभावना है।
‘स्मार्ट सिटी गवर्नेंस’ थीम पर होगा राष्ट्रीय प्रशिक्षण सम्मेलन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार एमआईसी सदस्यों के साथ हुई रवाना








