कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
सुशासन की सरकार में देश एवं राज्य का हो रहा उत्तरोत्तर विकास : सुश्री लता उसेंडी
कोंडागांव में 30 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन
कोंडागांव ! भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती सुशासन दिवस के मौके पर आज अटल परिसर भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन बंधा तालाब गार्डन परिसर में किया गया। कुनकुरी जशपुर में आयोजित मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए किया गया।
कार्यक्रम में कोंडागांव नगर पालिका में अटल परिसर निर्माण के लिए 30 लाख रुपए की लागत राशि के कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, पूर्व विधायक्ष श्री सुभाऊ कश्यप, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, श्री दीपेश अरोरा, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण और जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के द्वारा स्वीकृत और विधायक सुश्री उसेंडी की अनुशंसा पर 20 हितग्राहियों को चेक भी प्रदाय किया गया।
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती पर सुशासन दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जा रहा है। उन्होंने विकास के लिए पिछड़े छत्तीसगढ़ अंचल को राज्य गठन कर विकास को गति दी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव गांव को जोड़ कर ग्रामीण विकास के सपने को साकार किया। काम के बदले अनाज जैसी योजना की शुरुआत की और महिला स्व सहायता समूह गठन से महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि देश एवं राज्य में सुशासन की सरकार में शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी राज्य में हर वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्श पर चलकर कोण्डागांव जिले को विकास की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।
पूर्व विधायक श्री सुभाऊ कश्यप ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटलबिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके आदर्शों को याद किया गया और उनके जीवन और उनके द्वारा शुरू की गई योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सुशासन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के 383 ग्राम पंचायत और निकाय क्षेत्र में सुशासन दिवस मनाया जा रहा है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ और विकास को गति मिली। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण ने देश को नई दिशा दी। आज उनकी जयंती सुशासन दिवस पर 30 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर का भूमिपूजन किया गया है। श्री दीपेश अरोरा ने भी सुशासन दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर श्री मनोज जैन, श्री गोपाल दीक्षित सहित पार्षदगण और अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, ए डी एम श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर उपस्थित थे।








