Buy Advt. Space

सीईओ प्रखर चंद्राकर ने किया स्कूल निरीक्षण, विद्यार्थियों संग भोजन

By



ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद। जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर ने आज गरियाबंद और मैनपुर विकासखंड के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की पढ़ाई की प्रगति और विद्यालयों की गतिविधियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हायर सेकंडरी स्कूल धवलपुर में उन्होंने कक्षा 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों से चर्चा कर मासिक मूल्यांकन की समीक्षा की और आगामी त्रैमासिक परीक्षा की तैयारी पर जोर देने को कहा। विशेषकर अंग्रेजी विषय पर अधिक ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

सीईओ ने विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए विनोबा एप में नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मैनपुर विकासखंड के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में उन्होंने पठन-पाठन, लेखन क्षमता और विद्यार्थियों की दक्षता की जांच की। साथ ही विद्यार्थियों को नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया।

गौरघाट विद्यालय में श्री चंद्राकर ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी किया और भोजन की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गजेंद्र ध्रुव, श्री महेश पटेल, स्रोत समन्वयक श्री शिव कुमार नाग, विनोबा एप प्रभारी श्री शुभम पटेल और डीपीओ श्री व्यंकटेश साहू उपस्थित रहे।

Leave a Comment