खैरागढ़ से रवि गहने की रिपोर्ट
खैरागढ़ (जालबांधा) ! जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई।
जिले के करमतरा गांव से समाज को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जिसे गांव के लोग “साहेब” कहकर सम्मान देते थे, उसी अधेड़ पुनीतराम साहू (52 वर्ष) पर मानसिक रूप से कमजोर किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुनीतराम साहू कई दिनों से स्कूल छोड़ने के बहाने किशोरी को अपने घर ले जाकर शारीरिक शोषण करता रहा। किशोरी जब यह बात घर में बताने की कोशिश करती, तो आरोपी उसे डराता-धमकाता और मारपीट करता था। इस दौरान वह बच्ची लगातार मानसिक और शारीरिक पीड़ा झेलती रही।
पीड़िता को पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर की सलाह पर कराई गई सोनोग्राफी में जो खुलासा हुआ, उसने परिवार के होश उड़ा दिए। तुरंत खैरागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुनीतराम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(2)(3), 65(2) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
यह मामला न केवल एक मासूम बच्ची की जिंदगी को झकझोर देने वाला है, बल्कि पूरे समाज को यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर हम बच्चों को सुरक्षित माहौल क्यों नहीं दे पा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पीड़िता को सुरक्षा एवं उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है।








