दुर्ग ! जिले के ग्राम मचांदुर में शिक्षिका के तबादले के विरोध में ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने जोरदार मोर्चा खोल दिया है। पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ प्यारी मैडम के युक्तियुक्तकरण के तहत हुए तबादले से नाराज बच्चों ने स्कूल का बहिष्कार कर दिया है। पिछले चार दिनों से स्कूल में ताला बंद है और बच्चे धरने पर बैठे हैं। इस आंदोलन को पालकों और ग्रामीणों का भी पूरा समर्थन मिल रहा है।
शिक्षा विभाग का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को गांव पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों से बातचीत बेनतीजा रही। गांव के सरपंच युगल किशोर साहू ने बताया कि शिक्षिका के तबादले को लेकर कलेक्टर, शिक्षा अधिकारी और सांसद को पूर्व में ज्ञापन सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि शिक्षिका के समर्पण और मेहनत से बच्चों की पढ़ाई में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, और उनका तबादला बच्चों के भविष्य के लिए नुकसानदायक होगा।
बच्चों ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखते हुए शिक्षिका का तबादला रद्द करने की मांग की है। पालकों का कहना है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे भूख हड़ताल पर उतरेंगे। मचांदुर में शिक्षा की इस लड़ाई ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
शिक्षिका के तबादले के खिलाफ मचांदुर में मोर्चा, बच्चों के साथ ग्रामीण भी धरने पर, चौथे दिन भी स्कूल बंद








