रायपुर, 19 अगस्त 2025। राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में खम्हारडीह थाना चौक के पास बी.टी.आई. ग्राउंड के सामने खुलने जा रही प्रीमियम शराब दुकान का स्थानीय लोगों और आम आदमी पार्टी ने कड़ा विरोध किया है।
AAP नेता मिथलेश साहू ने बताया कि पार्टी ने रायपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि इस रिहायशी इलाके में शराब दुकान खोलने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उनका कहना है कि जिस जगह दुकान प्रस्तावित है, उसके ठीक सामने बीटीआई महाविद्यालय है, पास में मंदिर और कई अस्पताल भी हैं। ऐसे में शराब दुकान खुलने से माहौल बिगड़ने और लोगों की असुविधा बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी ने जिला कलेक्टर, जिला आबकारी अधिकारी और प्रदेश के आबकारी मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस दुकान को रिहायशी क्षेत्र से हटाकर किसी दूरस्थ और गैर-आवासीय इलाके में स्थानांतरित किया जाए।
शंकर नगर: रिहायशी इलाके में शराब दुकान खोलने का विरोध, AAP ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन








