कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने रविवार को कोंडागांव शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के 1.15 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। साथ ही 07 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए गैस कनेक्शन और चूल्हा वितरित किए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
विधायक सुश्री उसेंडी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा प्रयास है कि जिला मुख्यालय और दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं और इन वर्षों में विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में भी लगातार सुधार हुआ है। इसी कड़ी में शहरवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन की सौगात मिली है, जहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विधायक ने जिले को एनीमिया मुक्त करने के लिए प्रारंभिक स्तर से ही सभी विद्यालयों में बालिकाओं की शत प्रतिशत जांच सुनिश्चित कर कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही मलेरिया के रोकथाम लिए भी मिलकर कार्य करने की आवश्यकता बताई।
नगरपालिका के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि शहर के मध्य में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन में नई सुविधाओं का लाभ नगरवासियों को मिलेगा। कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए भवन में नई ऊर्जा के साथ कार्य करें। नए भवन के शुभारंभ पर स्वास्थ स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जिला अस्पताल में दबाव कम होगा।
कार्यक्रम के अंत में विधायक सुश्री लता उसेंडी ने महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र बंधा पारा, डी एन के 02, बाजारपारा, महात्मा गांधी वार्ड, उमरगांव ‘अ’, अमरावती और बीजापुर-01 के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गैस कनेक्शन और चूल्हा प्रदाय किया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, श्री मनोज जैन, श्री दीपेश अरोरा और पार्षद श्री संतोष पात्र सहित विभिन्न वार्डो के पार्षदगण, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एस डी एम श्री अजय उरांव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर के चतुर्वेदी, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अवनी कुमार बिस्वाल सहित स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।








