कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के साथ आज केशकाल नगर के मुख्य मार्ग का गहन निरीक्षण किया और सड़क निर्माण कार्य शुरू करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग केशकाल शहर के खंड के निर्माण के लिए स्वीकृत कार्य के निविदा की स्थिति और तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी ली और पैदल चलकर अलग अलग स्पॉट में ड्रेनेज सिस्टम को ध्यान में रख कर निर्माण कार्य करने को कहा।
उन्होंने एनएच के अधिकारियों को उक्त मार्ग के बीच पुल पुलिया को ध्यान में रखकर प्राक्कलन तैयार करने को कहा। साथ ही मार्ग के किनारे अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही के लिए एसडीएम और तहसीलदार को निर्देशित किया। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 30 के केशकाल शहर खंड के विकास के लिए 8.75 करोड़ की स्वीकृति मिली है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधिगण सहित एसडीएम केशकाल सुश्री आकांक्षा नायक, तहसीलदार श्री विजय मिश्रा और एन एच के अधिकारी प्रज्ञा नंदा उपस्थित रहे।








