कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को एनसीसी ग्राउंड कोंडागांव में हुआ। यह प्रतियोगिता 5 से 8 नवम्बर तक आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगरपालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता कोर्राम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, श्रीमती यशोदा कश्यप एवं श्रीमती रामदई नाग उपस्थित रहे। साथ ही अन्य अतिथियों में छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, श्री कुलवंत चहल, श्री धनंजू मरकाम सहित कई जनप्रतिनिधि, सरपंच, वार्ड पार्षद, शिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
विकासखण्ड स्तरीय बस्तर ओलंपिक के पहले दिन जूनियर बालिका वर्ग (14 से 17 वर्ष) के विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आगामी दिनों में 6 नवम्बर को सीनियर बालिका वर्ग (17 वर्ष से अधिक), 7 नवम्बर को सीनियर बालक वर्ग (17 वर्ष से अधिक) और 8 नवम्बर को जूनियर बालक वर्ग (14 से 17 वर्ष) के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोंडागांव श्री उत्तम महोबिया,तहसीलदार श्री मनोज रावते एवं जनपद के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।








