रायपुर ! राजधानी रायपुर के महादेव घाट पर रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नशे में धुत एक ड्राइवर ने तेज रफ्तार में हाइवा से नियंत्रण खो दिया और सीधे सीढ़ियों से नीचे उतरते हुए खारुन नदी में जा घुसा। गनीमत रही कि उस वक्त घाट पर मौजूद लोगों को कोई चोट नहीं आई, वरना यह लापरवाही भारी पड़ सकती थी।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग जिले के अमलेश्वर से रायपुर की ओर आ रही हाइवा अनियंत्रित हो गई। महादेव घाट के पास वाहन सड़क से उतरकर नदी की ओर बढ़ा और सीढ़ियों से सीधे खारुन नदी में जा गिरा। हादसे के समय घाट पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

तैरकर बचाई अपनी जान
हादसे के बाद ड्राइवर किसी तरह खिड़की से बाहर निकला और नदी में तैरकर अपनी जान बचा ली। बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को थाने ले गई।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्राइवर काफी नशे में था और सड़क पर गाड़ी लहराते हुए चला रहा था। लोगों ने आरोप लगाया कि ऐसी लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रविवार को महादेव घाट पर बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं।
पुलिस की कार्रवाई
अमलेश्वर पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही वाहन को नदी से निकालने की कवायद भी शुरू कर दी गई है।








