रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके स्थित जूक क्लब में देर रात हुई मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में आधा दर्जन बदमाश मिलकर युवक अज्जू पांडे की लात-घूसों से जमकर पिटाई करते दिख रहे हैं। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
- रायपुर के तेलीबांधा स्थित जूक क्लब में देर रात मारपीट का मामला
- आधा दर्जन बदमाशों ने युवक अज्जू पांडे की लात-घूसों से पिटाई की
- CCTV फुटेज में प्रखर चंद्राकर व पुलकित चंद्राकर के साथियों संग मारपीट करते दिखे
- आरोपी प्रखर चंद्राकर, सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर का सगा भांजा
- अज्जू पांडे घायल, अस्पताल में भर्ती
- पुलिस ने मामला दर्ज किया, आरोपी फिलहाल फरार
जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी बदमाश प्रखर चंद्राकर और पुलकित चंद्राकर अपने साथियों के साथ क्लब पहुंचे थे। क्लब में मौजूद अज्जू पांडे से पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने मिलकर अज्जू पांडे की बेरहमी से पिटाई कर दी और फिर वहां से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी प्रखर चंद्राकर महादेव सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर का सगा भांजा है और उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश की जा रही है।








