रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित बेबीलोन टावर की तीसरी मंजिल पर मंगलवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते इमारत में धुआं भर गया और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर करीब 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कांच तोड़कर कूदने की तैयारी में थे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुआं इतना बढ़ गया था कि लोग जान बचाने के लिए कांच तोड़कर कूदने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, समय रहते दमकल और पुलिस की टीम पहुंच गई और सभी को सुरक्षित निकाल लिया।
आग पर काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
प्रशासन अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी और कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे। राहत कार्य का नेतृत्व करते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रायपुर के बेबीलोन टावर में लगी भीषण आग, 35 लोग सुरक्षित रेस्क्यू








