रायपुर! राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर के ग्राम कुर्रु स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पिछले एक सप्ताह से अजीबोगरीब घटनाएं घट रही हैं। स्कूल में पढ़ने वाली छात्राएं अचानक चक्कर खाकर बेहोश हो रही हैं, और खास बात यह है कि इन घटनाओं में सिर्फ लड़कियां ही प्रभावित हो रही हैं।
एक साथ 6-7 छात्राएं गिरीं जमीन पर
शनिवार को मामला और गंभीर हो गया, जब कक्षा में बैठी 6 से 7 छात्राएं अचानक जमीन पर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ बच्चियां बेहोश होने से पहले जोर-जोर से चिल्ला रही थीं और कांप रही थीं। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सभी छात्राओं को तुरंत अभनपुर के कृष्णा अस्पताल ले जाया गया।
गांव में दहशत, डॉक्टरों की टीम ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को ही डॉक्टरों की एक विशेष टीम स्कूल पहुंची। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने इसे फोबिया यानी डर के कारण उत्पन्न मानसिक प्रभाव बताया, जिसमें एक को देखकर अन्य भी वैसा ही अनुभव करने लगते हैं। हालांकि, कारणों की पूरी तरह पुष्टि नहीं हो पाई है और जांच जारी है।
गांव में इन घटनाओं को लेकर भय और दहशत का माहौल है। अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, जबकि डॉक्टरों और प्रशासन की टीम स्कूल में लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
रायपुर के पास सरकारी स्कूल में रहस्यमयी घटनाएं, छात्राओं के बेहोश होने से फैला डर








