रायपुर।राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात वीआईपी रोड पर एक काली रंग की महिंद्रा थार (CG 04 PR 1539) अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार पांच युवक घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार में दौड़ रही थार अचानक ड्राइवर के काबू से बाहर हो गई। देखते ही देखते गाड़ी सड़क किनारे बने बड़े पेड़ से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हादसे की खबर मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल दो युवकों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रफ्तार बनी मौत का सबब
राजधानी में लगातार हो रहे सड़क हादसे इस बात का सबूत हैं कि तेज रफ्तार किस तरह जीवन को खतरे में डाल रही है। पुलिस लगातार जागरूकता और कार्रवाई कर रही है, बावजूद इसके युवा स्पीड का रोमांच चुन रहे हैं, जो अक्सर दर्दनाक हादसों में बदल रहा है।
राजधानी रायपुर में रफ्तार का कहर VIP रोड पर बेकाबू Thar पेड़ से टकराई, 5 युवक घायल 2 की हालत नाजुक








