Buy Advt. Space

राजधानी रायपुर में डिलीवरी ब्वॉय की चाकूबाजी में मौत, आरोपी गिरफ्तार – तेंदुआ गांव में झाड़ियों से अज्ञात युवक का शव बरामद

By


रायपुर। राजधानी में सोमवार को हुई दो अलग-अलग आपराधिक घटनाओं ने शहरवासियों को दहला दिया। डीडी नगर इलाके में पिज्जा डिलीवरी करने गए युवक की मामूली विवाद में चाकूबाजी से मौत हो गई, जबकि आमानाका थाना क्षेत्र में झाड़ियों से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ।

पहली वारदात – डिलीवरी ब्वॉय की हत्या
जानकारी के मुताबिक, डीडी नगर क्षेत्र में डिलीवरी ब्वॉय हेमंत कोठरी (निवासी रायपुर) पिज्जा देने जा रहा था। रास्ते में गाड़ी टकराने को लेकर आरोपी पप्पू यादव से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने चाकू से हेमंत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हेमंत को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरी वारदात – झाड़ियों से मिला अज्ञात शव
आमानाका थाना क्षेत्र के रिंग रोड नंबर-02 तेंदुआ गांव के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 साल बताई जा रही है। शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले, मृतक ने चड्डी और टी-शर्ट पहन रखी थी। कद-काठी से वह ट्रक ड्राइवर प्रतीत हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस की जांच जारी
दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डिलीवरी ब्वॉय हत्याकांड में आरोपी सलाखों के पीछे है, जबकि अज्ञात युवक की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Comment