सफलता की कहानी
कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना आज कोण्डागांव जिले की महिलाओं के लिए आर्थिक मजबूती का प्रतीक बन गई है। इस योजना से जरूरतमंद महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है, जिससे वे अपने परिवार की छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को पूरा कर पा रही हैं। इस योजना ने महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित किया है।
सातगांव की रहने वाली कलावती पाण्डे के जीवन में इस योजना ने बड़ा बदलाव लाया है। कलावती ने बताया कि उनका परिवार खेती-किसानी पर निर्भर है और उनका पति नहीं है। वे अपने ससुर और बच्चों के साथ रहती हैं। ऐसे में महतारी वंदन योजना के तहत उन्हें प्रति माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिल रही है। इस राशि का एक हिस्सा वे घरेलू खर्च में लगाती हैं और बाकी को बचत के रूप में रखती हैं, जो बच्चों के इलाज और अन्य जरूरतों में काम आता है। कलावती ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार सातगांव की ही हलालिन बाई को भी महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना तहत मिल रही आर्थिक सहायता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार उनके जैसे कई जरूरतमंद महिलाओं के हित में सोच रही है। उन्हें हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से उनके दैनिक जीवन में मदद मिल रही है। हलालिन ने कहा कि इस राशि से वे जरूरत के समय साड़ी खरीदने या अन्य घरेलू आवश्यकताओं को पूरा कर पाती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को धन्यवाद दिया।
महतारी वंदन योजना जिले की कई महिलाओं के लिए मुश्किल समय में एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है। महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महतारी वंदन जैसी शासन की कई योजनाओं के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं, जिससे महिलाएं आर्थिक सशक्तता की ओर अपना कदम बढ़ा रही हैं।








