रायपुर। राजधानी के उरला इलाके में मजदूर की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को उरला थाने का घेराव कर कंपनी प्रबंधन और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मामला 5 अगस्त की शाम का है, जब नव दुर्गा इस्पात फैक्ट्री के गेट के सामने कुछ बदमाशों ने मजदूर किरत साहू पर लाठी, डंडे और रॉड से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल किरत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्रांति सेना के समर्थकों ने फैक्ट्री और थाने के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण मजदूर की जान गई, इसलिए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और सभी जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो।
उरला थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है, और हालात को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी गई है।
मजदूर की मौत पर उरला थाने का घेराव, कंपनी प्रबंधन और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग








