Buy Advt. Space

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किशोरी बालिकाओं को आत्मरक्षा का मिला सशक्त प्रशिक्षण

By

गरियाबंद से नूतन साहू की रिपोर्ट

गरियाबंद ! महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गरियाबंद जिले में एक सराहनीय पहल की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण केंद्र द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत 7 से 11 जुलाई तक जिले के पाँच शासकीय विद्यालयों में किशोरी बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री बी.एस. उईके के निर्देशन और जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया। ताइक्वांडो मास्टर ट्रेनर सुश्री किरण मरकाम द्वारा शारीरिक आत्मरक्षा की प्रभावशाली तकनीकों के साथ-साथ बालिकाओं में आत्मविश्वास, साहस और सजगता की भावना भी विकसित की गई।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यालयों में शासकीय हाई स्कूल सढ़ौली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीपरछेड़ी, शासकीय कन्या हाई स्कूल मैनपुर, शासकीय हाई स्कूल नहरगांव तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गरियाबंद शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्वयक सुश्री मनीषा वर्मा ने बालिकाओं को मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बेटियां न केवल सुरक्षित रहेंगी बल्कि आत्मविश्वास से जीवन में हर चुनौती का सामना भी कर सकेंगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है।

इस अवसर पर श्रीमती लता पटेल (संरक्षण अधिकारी, नवा बिहान), सुश्री निशा नेताम (पैरा लीगल कार्मिक, सखी वन स्टॉप सेंटर), श्रीमती अर्चना सिंह (वित्तीय साक्षरता एवं समन्वय विशेषज्ञ), सुश्री शोभा मरकाम एवं श्रीमती श्वेता शुक्ला (कार्यालय सहायक) सहित संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्राओं की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

इस प्रभावशाली पहल से बालिकाओं में न केवल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है, बल्कि उन्होंने खुद पर भरोसा करना भी सीखा है। निश्चित रूप से यह प्रशिक्षण उन्हें आने वाले जीवन में सशक्त और आत्मनिर्भर बनाएगा।

Leave a Comment