Buy Advt. Space

बीएनआई क्रिएटर्स का शिविर: 70+ ने किया रक्तदान, हेलमेट और प्रमाणपत्र से सम्मानित

By



दुर्ग ! श्रीराम इंडोर स्टेडियम, हनुमान नगर (वार्ड क्रमांक 21) में आज बीएनआई क्रिएटर्स चैप्टर, भिलाई-दुर्ग द्वारा एक दिवसीय रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दुर्ग नगर निगम की मेयर श्रीमती अल्का बाघमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय योगदान देने वाले सभी आयोजकों एवं प्रतिभागियों की सराहना की।



इस आयोजन में 120 से अधिक नागरिकों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच करवाई, वहीं 70 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र और सड़क सुरक्षा के प्रतीकस्वरूप हेलमेट प्रदान किए गए।

रक्तदान को बताया ‘महादान’

मेयर श्रीमती बाघमार ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे सरल और महान कार्य है। उन्होंने नागरिकों से इस पुनीत अभियान से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की और आयोजकों को ऐसे सार्थक सामाजिक प्रयासों के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश महामंत्री श्री अजय भसीन ने भी सहभागिता की और रक्तदान को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक एवं प्रेरणादायक पहल बताया।

हेलमेट से जोड़ा सामाजिक सुरक्षा का संदेश

रक्तदाताओं को हेलमेट प्रदान कर आयोजकों ने यातायात सुरक्षा का भी संदेश दिया, यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व की अनूठी मिसाल बनी।

बीएनआई का योगदान: व्यापार से सेवा तक

बीएनआई (Business Network International) विश्व का सबसे बड़ा और सफल बिजनेस रेफरल संगठन है, जो 79 देशों में फैला हुआ है और जिसके 3.43 लाख से अधिक सदस्य वर्ष भर में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का व्यापार करते हैं। भिलाई-दुर्ग स्थित बीएनआई क्रिएटर्स चैप्टर के 40 सदस्य पिछले 5 वर्षों में “Givers Gain” की विचारधारा के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार कर चुके हैं।

जनभागीदारी और जनसेवा की मिसाल

इस आयोजन को सफल बनाने में वार्ड पार्षद श्री अरुण सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री ज्ञानेश्वर ताम्रकार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और बीएनआई के व्यापारी सदस्य उपस्थित रहे।

बीएनआई क्रिएटर्स ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि व्यापारिक सफलता और सामाजिक जिम्मेदारी एक साथ चल सकते हैं। ऐसे आयोजन निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में मजबूत कदम हैं।

Leave a Comment