शाला प्रवेश उत्सव: बघेरा स्कूल में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत, विद्या नामदेव ने दी शिक्षा और अनुशासन की सीख
दुर्ग ! शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बघेरा में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन गरिमामय माहौल में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशी छात्रों का पारंपरिक तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व एल्डरमेन एवं शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती विद्या नामदेव रहीं, जिन्होंने अपने कर-कमलों से बच्चों का तिलक कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
श्रीमती नामदेव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शाला प्रवेश उत्सव राज्य शासन की एक अभिनव पहल है, जो बच्चों में स्कूल के प्रति उत्साह और ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, नियमितता, शिक्षा, खेलकूद व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी और कहा कि “विद्यार्थी जीवन में जो सीखा जाता है, वही जीवन भर हमारे साथ रहता है।”
इस अवसर पर पूर्व शाला विकास समिति अध्यक्ष भागी गुरुजी, वार्ड पार्षद ललित धीमर, शिक्षा वृद मनोहर पटेल, तोमेश साहू, किशोर नायक, झाला राम साहू, भूपेंद्र राजपूत, विद्यालय प्राचार्य बंछोर, प्रधान पाठक एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार द्वारा नवप्रवेशी बच्चों को शिक्षा के महत्व और शाला के नियमों से अवगत कराया गया, जिससे वे शैक्षणिक माहौल में सहज महसूस कर सकें। बच्चों को शाला यूनिफॉर्म पहनने, समय पर आने, खेल और व्यायाम में भाग लेने की भी सलाह दी गई।
श्री नामदेव ने कहा, “यह उत्सव न केवल बच्चों के जीवन में एक नई शुरुआत है, बल्कि हमारे समाज के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सशक्त कदम भी है। हमें गर्व है कि हम इन नन्हे भविष्य निर्माताओं का स्वागत कर पा रहे हैं।”
कार्यक्रम पूरे उत्साह, उल्लास और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों ने इस आयोजन को प्रेरणादायक और स्मरणीय बताया।
बघेरा स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव: विद्या नामदेव ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर दी शुभकामनाएं








