छुरा ब्लॉक पित्तेश्वर हरपाल गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की टीम ने महंगी सागौन लकड़ी की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बने जांच नाका में चेकिंग के दौरान सागौन से लदी एक पिकअप वाहन को जब्त किया।
सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने आगे दबिश देते हुए ओडिशा के सोनपुर गांव स्थित एक मकान से लाखों रुपए की सागौन लकड़ी और फर्नीचर जब्त किया। बताया जा रहा है कि यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिससे लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
इस अभियान में ओडिशा के नबरंगपुर वन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन का भी विशेष सहयोग रहा। गौरतलब है कि बीते कुछ समय से छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा क्षेत्रों के जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
वन विभाग की इस तगड़ी कार्रवाई ने न केवल माफियाओं को चेतावनी दी है, बल्कि अवैध गतिविधियों पर रोकथाम की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि भी दर्ज की है। फिलहाल जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
‘पुष्पा’ स्टाइल में महंगी लकड़ी की तस्करी, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई








