कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! नगर पालिकाओं के आम निर्वाचन वर्ष 2025 ईव्हीएम के माध्यम से कराया जाना है। यह ईव्हीएम मल्टी पोस्ट एवं मल्टी वोट (बहुपद एवं बहु मत) श्रेणी की ईव्हीएम है। इस संबंध में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिले के नगरीय निकायों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत फ़रसगांव के रिटर्निंग ऑफिसर श्री अश्वन कुमार पुसाम के निर्देश पर नगर पंचायत फ़रसगांव के सभी 15 वार्डों के लिए मतदाता जागरूकता अभियान ‘जागव बोटर (जाबो)’ की शुरुआत की गई है।

इसके तहत ईव्हीएम से मतदान की प्रक्रिया के बारे में मतदाताओं को जानकारी दी जा रही है और अनिवार्य रूप से मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह अभियान सहायक रिटर्निग ऑफिसर सुश्री निधि नेताम और सीएमओ श्री पवन कुमार मेरिया के मार्गदर्शन में मास्टर ट्रेनर एवं सेक्टर अधिकारी की उपस्थिति में निरंतर वार्डों में आयोजित की जा रही है। साथ ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तहसील कार्यालय एवं नगर पंचायत कार्यालय में शत प्रतिशत मतदान हेतु मतदाता शपथ भी दिलाई गई।








