Buy Advt. Space

दुर्ग में मामूली विवाद ने ली जान ईंट भट्ठा के मुंशी की टंगिया से हत्या..

By

दुर्ग। मामूली विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। जिले के चंगोरी स्थित शिवलाल ईंट भट्ठा में काम करने वाले मजदूरों ने भट्ठा के मुंशी किशन लाल साहू (55 वर्ष) की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक नाबालिग सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे हुआ विवाद और हत्या

जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे ईंट भट्ठा परिसर में मजदूर काशीराम चौहान, धनसाय साहू और एक नाबालिग अपने क्वार्टर के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मुंशी किशन लाल साहू वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर उनसे झगड़ने लगा। झगड़ा इतना बढ़ा कि मजदूरों ने गुस्से में आकर मुंशी पर हमला कर दिया।
आरोपी धनसाय और नाबालिग ने मुंशी को पकड़ रखा था जबकि काशीराम ने टंगिया से सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुंशी को आनन-फानन में भट्ठा मालिक ने जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां 25 अगस्त की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसा दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी मजदूरों ने घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की। भट्ठा मालिक को फोन कर बताया कि किशन लाल दौड़ते समय गेट के पास रखे टंगिया से टकराकर गिर गए, जिससे उन्हें चोट लगी है। हालांकि पुलिस जांच में सच सामने आ गया।

बरामदगी और गिरफ्तारी

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, खून से सने कपड़े और शराब की बोतल बरामद की गई। पुलिस ने काशीराम चौहान, धनसाय साहू और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस की तत्परता

इस कार्रवाई में चौकी अंजोरा प्रभारी संतोष कुमार साहू, थाना पुलगांव पुलिस और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment