Buy Advt. Space

दुर्ग में दिव्यांग महिला से दुष्कर्म: पड़ोसी युवक गिरफ्तार

By


धमकी देकर बनाता रहा शारीरिक संबंध, पीड़िता ने इशारों में बताई आपबीती

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी 40 वर्षीय दिव्यांग पड़ोसी महिला से दुष्कर्म किया। महिला शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर है और ठीक से बोल भी नहीं पाती। वारदात का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता ने शरीर में तकलीफ होने पर इशारों और टूटी-फूटी भाषा में अपनी मां को आपबीती बताई।

कैसे हुआ वारदात का खुलासा

पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रांशु बोरकर अगस्त महीने में महिला को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां नाश्ता और चाय-पानी देने के बाद उसने शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार दो-तीन दिन तक दुष्कर्म करता रहा और महिला को धमकी दी कि किसी को बताया तो जान से मार देगा।

करीब 15 दिन बाद जब महिला की तबीयत बिगड़ी, तब उसने इशारों से अपनी मां को सच्चाई बताई। परिजन उसे लेकर महिला थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई

महिला के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी का मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

मोहल्ले में फैली सनसनी

इस घटना से इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी को कड़ी सज़ा देने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment